ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। केआरएल कंपनी के कूड़ा उठाने से जुड़े सभी कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार आंदोलन पर चले जाने से शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। धर्मनगरी में श्रद्धालुओं को दुर्गंध से बचने के लिए मुंह पर रुमाल रखकर चलना पड़ रहा है। रोडवेज और रेलवे स्टेशन से हरकी पैड़ी तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर जगह-जगह कूड़ा फैला पड़ा है। कई स्थानों पर दुकानदारों ने कूड़े कचरे के ढेर पर खाली कट्टे डालकर ढक रखा है। कनखल, ज्वालापुर तथा भूपतवाला, सप्तऋषि क्षेत्र में गंदगी से स्थिति बद से बदतर हो गई हैै।
बकाया वेतन नहीं देने पर मंगलवार को केआरएल कंपनी के सफाई कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार करते हुए शहर से कूड़ा उठाने से इनकार कर दिया। कार्यबहिष्कार कर उन्होंने भगत सिंह चौक के पास स्थित गैराज कार्यालय पर वाहन खड़े कर धरना दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि केआरएल के प्रबंधक की ओर से 14 मार्च को पिछला कई महीने का भुगतान होली से पहले करने का वादा कर हड़ताल समाप्त कराई थी, परंतु भुगतान अभी तक भी नहीं किया है। कर्मचारी यह जानकर अधिक आक्रोशित हो गए कि नगर निगम से 32 लाख रुपये मिलने के बाद भी भुगतान न कर कंपनी से उनके साथ धोखा किया है। नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेता राजेंद्र श्रमिक एवं सुनील राजौर ने आरोप लगाया कि केआरएल के प्रबंधक बार-बार भुगतान करने का आश्वासन देकर हड़ताल तुड़वा देते हैं, लेकिन भुगतान करते नहीं हैं। 14 मार्च को समझौता हुआ था कि जिन कर्मचारियों का नवंबर का भुगतान नहीं किया गया है उनको नवंबर, दिसंबर व जनवरी तक और बाकी को जनवरी व फरवरी तक का भुगतान होली से पहले कर दिया जाएगा, लेकिन हड़ताल तुड़वाने के बाद कंपनी ने भुगतान किया नहीं और कर्मचारियों को कार्यबहिष्कार के लिए बाध्य किया है।
हड़ताल का खामियाजा भुगत रहे शहरवासी
नगर निगम की अनुबंधित कंपनी केआरएल व उसके कर्मचारियों की बार-बार की हड़ताल, कार्यबहिष्कार का खामियाजा शहरवासियों तथा देशभर से आ रहे श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ रहा है। नगर निगम प्रशासन की लापरवाही भी लोगों पर भारी पड़ रही है। शहर में एक दिन कूड़ा नहीं उठने के बाद स्थिति संभालने में कई दिन का समय लगता है। अधिकारी यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि कर्मचारियों के भुगतान की समस्या से उनका लेना देना नहीं है यह कंपनी की समस्या है। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल का कहना है कि कंपनी के प्रबंधकों के साथ दो टूक बात की जाएगी तथा इस प्रकार की स्थिति फिर न आए कंपनी को यह सुनिश्चित करना होगा।
कार्यबहिष्कार कर दिया धरना
केआरएल के सफाई कार्य से जुड़े सफाई कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और कूड़ा गाड़ियों के चालकों व सहायकों ने मिलकर कार्यबहिष्कार का कंपनी के गैराज पर धरना, प्रदर्शन कर किया। इसमें मुकेश कुमार, मनोज, सुुरेश लाला, लीला जगवती, शीला, ममता, गुड्डी, समीर, मनी मोहन, धर्मेंद्र, प्रमोद, ओमकार, विकास, आरिफ, जीत सिंह, दीपक, दीपचंद, मोहित, मनोज, टीटू, विनय, नीटू के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि कंपनी ने जनवरी, फरवरी का भुगतान नहीं किया और अब मार्च का महीना भी बीत रहा है। इस प्रकार उनका तीन महीने के भुगतान लटका हुआ है। केआरएल के प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से बातचीत चल रही है और कार्यबहिष्कार समाप्त कराने का रास्ता शाम तक निकाल लिया जाएगा।