अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। संत बाहुल्य क्षेत्र भूपतवाला की पीपलवाली गली के शराब माफिया के खिलाफ क्षेत्र के परेशान लोग अब एकजुट हो गए हैं। लोगों ने निर्णय लिया है कि वह अवैध शराब का धंधा अब नहीं चलने देंगे। अवैध शराब के धंधे को बंद कराने की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि शराब लेने आने वाले लोग आस-पास के लोगों के घरों में घुस जाते हैं और गाली-गलौज करते हैं। बच्चे घर से पैसा चोरी कर शराब खरीद रहे हैं, जिससे घरों में क्लेश हो रहा है। शराब माफिया के गुर्गे लोगों को शिकायत करने पर धमकी भी देते हैं। एसएसपी को अवगत कराया गया है कि मोहल्ले में अवैध शराब के अड्डे से क्षेत्र की बदनामी भी हो ही है। पीपलवाली गली के शराब माफिया को कई बार पुलिस पकड़ भी चुकीं हैं। बावजूद इसके उसका धंधा बदस्तूर जारी है। ऐसे में मोहल्ले के लोगों ने अब अवैध शराब का अड्डा बंद कराने की ठान ली है। भाजपा नेता अनिल मिश्रा, सतीश चंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, आकाश भाटी, अजय शर्मा, सुरेश, स्वामी दिव्यानंद, बंटी, राकेश, संदीप, गजना, पूरन पांडे, राजकुमार, मुकेश शर्मा, ठाकुर कुंवर सिंह, नितिन यादव ने डीएम को ज्ञापन भेजकर शराब के अवैध धंधे को बंद करने की मांग की है।