अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। शांतिकुंज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। शांतिकुंज व देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के योगाचार्य तीन स्थानों पर योगाभ्यास करा रहे हैं। शांभवी यादव और डा. राकेश वर्मा की टीम शांतिकुंज में तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के योग विभागाध्यक्ष डा. सुरेश वर्णवाल की टीम देवसंस्कृति विवि परिसर में प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवा रही हैं। ये प्रतिभागी 21 जून को देहरादून के एफआरआई में होने वाले कार्यक्रम में भागीदारी करेंगे।
शांतिकुंज के प्रमुख डा. प्रणव पंड्या ने कहा कि योग व्यायाम का ऐसा प्रभावशाली प्रकार है, जिसके माध्यम से न केवल शरीर के अंगों बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा में संतुलन बनाया जाता है। यही कारण है कि योग से शारीरिक व्याधियों के अलावा मानसिक समस्याओं से भी निजात पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि योग की महिमा और महत्व को जानकर इसे स्वस्थ जीवनशैली के लिए बड़े पैमाने पर अपनाया जा रहा है।
शांतिकुंज के योग कार्यक्रम के संयोजक ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन के साथ कई दौर की चर्चा हुई। योग दिवस में पांच हजार से अधिक शांतिकुंज के साधक भागीदारी के लिए देहरादून रवाना जाएंगे। जिसकी तैयारी शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विवि में जोरों पर चल रही है। देवसंस्कृति विवि के प्रतिकुलपति डा. चिन्मय पंड्या अपनी टीम के साथ कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं।