ज्वालापुर पुलिस ने क्षेत्र में तोता मैना पर सट्टा लगा रहे 11 लोग दबोच लिए। आरोपियों के कब्जे से 4200 रुपये की नगदी बरामद हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। ज्वालापुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तोता मैना सट्टे का खेल चल रहा है। पूर्व में कई बार तोता मैना पर सट्टा लगा रहे कई सटोरियों को पुलिस दबोच चुकी है।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली की घास मंडी में तोता मैना पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर बाजार चौकी प्रभारी देवेंद्र चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम ने छापा मारकर 11 सटोरियों को दबोच लिया, जिनके कब्जे से 4200 रुपये एवं चार्ट बरामद हुआ। कोतवाली लाकर की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम महेंद्र निवासी बादाम मंडी कंकरखेड़ा मेरठ यूपी, दीपक निवासी परतापुर मेरठ यूपी, रिजवान, पांवधोई, खलील, साहुल, बिलाल, श्रवण निवासीगण मोहल्ला पांवधोई, ललित, बृजेश निवासीगण वाल्मीकि बस्ती, सोनू निवासी मंडी का कुंआ एवं प्रवीण निवासी पीठ बाजार है। कोतवाली प्रभारी योगेश देव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि उदाहरण के तौर पर यदि कोई दस रुपये का दांव लगाता है तो उसकी पर्ची निकलने पर उसे दस गुना बढ़कर रकम दी जाती है। चार्ट पर बने तोता मैैना या अन्य चिन्ह पर दांव लगाया जाता है। इसी सट्टे को तोता मैना पर सट्टा लगाना कहा जाता है।