गलतफहमी में मत रहिए उत्तराखंड पुलिस आपका ध्यान नहीं रखती, दरअसल पुलिस खुद के कर्मचारियों का ही ध्यान नहीं रख रही। पुलिस अपने काम के प्रति कितनी गंभीर है इसका अंदाजा आपको इसी खबर से हो जाएगा।
मृत कांस्टेबल का ट्रांसफर होने की खबर आपको हैरान जरूर करेगी। मगर ये सच है। घटना उधमसिंह नगर जिले में हुई। मामला संज्ञान में आने पर महकमे में खलबली मच गई।
पुलिस अफसर घटना को लिखत-पढ़त की गलती करार दे रहे हैं। पिछले दिनों एसएसपी कार्यालय से जिले भर में तैनात 236 कांस्टेबलों की ट्रांसफर सूची जारी की गई थी। जिसमें एक मृत कांस्टेबल का नाम भी शामिल कर दिया गया।
कांस्टेबल की मौत
सूची को पढ़कर पुलिस अफसरों और कर्मियों में खलबली मच गई। लेकिन उच्चाधिकारियों के डर से सब चुप्पी साधे हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बाजपुर कोतवाली क्षेत्र की बरहैनी पुलिस चौकी पर तैनात रहे एक कांस्टेबल की मौत करीब छह माह पहले हो चुकी है।
सिपाही का ट्रांसफर
लेकिन पुलिस विभाग के रिकार्ड में उक्त सिपाही का ट्रांसफर जसपुर कोतवाली कर दिया गया है। मृत कांस्टेबल के तबादले के बारे में स्थानीय से लेकर जिला स्तर पुलिस अफसर ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
लिखत-पढ़त में गड़बड़ी
पुलिस कार्यालय में रिकार्ड पर कितना ध्यान दिया जाता है। यह इस स्थानांतरण सूची से पता लगता है। मृत कांस्टेबल का नाम देवेंद्र सिंह बताया गया है।
डीआईजी कुमाऊं जीएन गोस्वामी का कहना है कि लिखत-पढ़त में गड़बड़ी के चलते ऐसी चूक हुई होगी। मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।