टनकपुर में बीएसएनएल कार्यालय में प्रदर्शन करते युकां कार्यकर्ता।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत) । आए दिन परेशान कर रही बीएसएनएल की संचार सेवा से परेशान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीएसएनएल कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने संचार सेवा जल्द नहीं सुधारे जाने पर कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शिवम गोयल के नेतृत्व में बीएसएनएल कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि पिछले दो माह से बीएसएनएल की संचार सेवा उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। आए दिन सेवा बाधित रहने बैंकों और सरकारी दफ्तरों में ऑनलाइन कामकाम प्रभावित होने लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं इंटरनेट पर काम करने वाले कारोबारियों को भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने जल्द सेवा को नहीं सुधारा तो उनका संगठन कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। प्रदर्शन करने वालों में सौरभ कलखुड़िया, कबीर सिंह, नवीन पांडे, सचिन शर्मा, आकाश सक्सेना, निक्की आदि शामिल थे। इधर टनकपुर एक्सचेंज के जेटीओ दीपक पासवान का कहना है कि स्थानीय दूर संचार केंद्र में तकनीकी खराबी आने से व्यवस्था बिगड़ी है। उसे सुधारने का काम चल रहा है।