पिछले दस दिनों से बनबसा में चल रही सेना भर्ती संपन्न हो गई। भर्ती रैली के अंतिम दिन खटीमा, गदरपुर, सितारगंज तहसील से आए 3170 युवकों ने दौड़ में प्रतिभाग किया जिनमें से 636 युवक सफल हुए। दौड़ में सफल रहे युवकों को शारीरिक और मेडिकल परीक्षाओं से गुजरना होगा।
सेना छावनी के फायरिंग रेंज मैदान में यूएस नगर जिले की तीन तहसीलों की भर्ती हुई। सोमवार को यूएस नगर जिले की खटीमा, गदरपुर और सितारगंज तहसील से आए 3170 युवकों की भर्ती की गई। पिथौरागढ़ बीआरओ डायरेक्टर (भर्ती अधिकारी) कर्नल भाष्कर तोमर के नेतृत्व में भर्ती आयोजित हुई।
जीडी के 2159, ट्रेड मैन के 792, टैक्नीकल के 102, क्लर्क 64, नर्सिंग असिस्टेंट के लिए 53 पदों के लिए अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई जिसमें से 636 युवक दौड़ में सफल रहे। भर्ती के निदेशक ने बताया कि दौड़ सफल करने वाले युवकों के डाक्यूमेंट की जांच होगी।
इसके बाद उन्हें शारीरिक परीक्षा में सफल होना होगा। सफल रहे युवकों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें दिसंबर में आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा देनी होगी। इसके बाद चयनित युवकों को सेना की ट्रेनिंग दी जाएगी। सेना भर्ती में बीआरओ के अधिकारियों, कर्मियों, बनबसा स्थित स्टेशन हेडक्वार्टर, 22 सिख रेजीमेंट, एमआई, सेना पुलिस के अधिकारी और जवानों के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने सहयोग दिया।
सेना भर्ती में सुरक्षा के तहत भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सेना भर्ती अधिकारी कर्नल बीएस चिकारा, कर्नल अभय सिंह, कर्नल भाष्कर तोमर आदि ने 22 सिख रेजीमेंट के अधिकारियों, जवानों के अलावा खुफिया तंत्रों के अलावा पुलिस और जिला प्रशासन का आभार जताया है।
बनबसा में आयोजित सेना भर्ती में बीम अभ्यास करते युवक।- फोटो : TANAKPUR