बनबसा सैनिक छावनी में 21 सितंबर से शुरू हो रही सेना भर्ती रैली की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। बुधवार को एसडीएम दयानंद सरस्वती ने भर्ती रैली की व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों और होटल व्यवसायियों की बैठक में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
तहसील में हुई बैठक में भर्ती रैली में बिजली, पेयजल, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात आदि व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श हुआ। रोडवेज को पर्याप्त बसों के संचालन के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने बताया जल संस्थान को पेयजल के लिए पर्याप्त टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
लोनिवि को भर्ती से पूर्व जरूरी स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स और अग्निशमन विभाग की टीम तैनात रहेगी। आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और संसाधनों के साथ स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त डॉक्टरों की टीम तैनात करने को कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भर्ती रैली में लगने वाली दुकानों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को छावनी क्षेत्र में जरूरी स्थानों पर प्रकाश की व्यवस्था करने और 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
टनकपुर और बनबसा क्षेत्र की धर्मशालाओं और होटल संचालकों को भर्ती में आने वाले युवाओं को उचित दर पर ठहरने की व्यवस्था मुहैया कराने की हिदायत दी गई है। एसडीएम ने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी तरह की मनमानी और लूट खसोट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी थे मौजूद
सेना भर्ती रैली को लेकर हुई बैठक में सेना के कर्नल भाष्कर तोमर, आरएमडी मेजर कुंवर, सूबेदार मेजर करतार सिंह, अग्निशमन विभाग के डीओ पिथौरागढ़ डा. आरएस कठायत, एफएसओ वंश नारायण यादव, एई लोनिवि विभोर गुप्ता, आरएम रोडवेज पवन मेहरा, एआरएम रोडवेज श्रीराम कौशल, जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता बीएस कुवार्बी, बनबसा ईओ डा. केएस रंजन, पुलिस उप निरीक्षक योगेश दत्त, खटीमा कोतवाली के एसआई अनिल चंद्र, एसआई भरत सिंह राना आदि मौजूद थे।
तिथिवार होगी जिलों की सेना भर्ती रैली
तिथि जिलों की तहसील
21 सितंबर पिथौरागढ़, डीडीहाट और बेड़ीनाग तहसील
22 सितंबर मुनस्यारी, धारचूला, देवलथल, गंगोलीहाट, गणाईगंगोली, थल, कनालीछीना, बंगापानी तहसील।
23 सितंबर चंपावत, पाटी, लोहाघाट, बाराकोट तहसील।
24 सितंबर बागेश्वर जिले की सभी तहसीलें।
25 सितंबर अल्मोड़ा जिले की भिकियासैण, चौखुटिया, सल्ट और रानीखेत तहसील।
26 सितंबर अल्मोड़ा, द्वाराहाट, सोमेश्वर, जैंति, मनौली तहसील।
27 सितंबर नैनीताल, कौस्याकुतौली, बैतालघाट, नैनीताल, धारी तहसील।
28 सितंबर हल्द्वानी, रामनगर, कालाढुुंगी, लालकुंआ तहसील।
29 सितंबर ऊधम सिंह नगर जिले की काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, किच्छा तहसील।
30 सितंबर खटीमा, गदरपुर, सितारगंज तहसील।
पुलिस और सैन्य अधिकारी चौकस
बनबसा (चंपावत)। भर्ती को लेकर पुलिस और सेना प्रशासन ने इंतजाम किए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी बीसी पंत ने बताया कि सेना भर्ती को लेकर बनबसा में अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। 10 एसआई, 15 हेड कांस्टेबल, 50 कांस्टेबल, 2 प्लाटून पीएसी, ट्रैफिक पुलिस, फायर सर्विस की मांग की गई है। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान, एलआईयू प्रभारी भाष्कर बडोला ने बताया कि एसपी डीएस गुंज्याल ने क्षेत्र में अनजान, संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सेना भर्ती बोर्ड के कर्नल भाष्कर तोमर ने बताया कि चंपावत जिला प्रशासन के सहयोग से भर्ती स्थल को किले में तब्दील किया गया है। सेना, पुलिस, खुफिया तंत्रों द्वारा सेना छावनी की घेराबंदी रहेगी। उन्होंने बताया कि दलालों पर सेना, पुलिस, खुफिया तंत्रों के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर रहेगी। सेना छावनी में केवल भर्ती को आए युवाओं को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। अन्य किसी व्यक्ति को सेना छावनी में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सेना भर्ती में सहयोग देने वाले प्रशासन के अधिकारियों, कर्मियों और पत्रकारों को अनुमति पत्र (पास) जारी किए जाएंगे।
बनबसा सेना छावनी में सेना भर्ती को लेकर मंगाए गए मोबाइल टायलेट।- फोटो : TANAKPUR