चंपावत के जूप वार्ड में सफाई अभियान चलाते युवा।
- फोटो : अमर उजाला
जूप मुहल्ले के युवाओं ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था को आइना दिखाया है। नगर पालिका से कई बार गुहार लगाने के बाद भी मोहल्ले में सफाई नहीं हो सकी तो क्षेत्र के युवाओं ने खुद श्रमदान कर रास्ते और नालियों से गंदगी और जगह जगह लगे कूड़े के ढेरों को साफ किया।
जूप वार्ड के निवासी हरीश सक्टा और भावेश गहतोड़ी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले काफी समय से गंदगी हो रही थी। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से दुर्गंध उठ रही थी। इससे लोगों का सांस लेना मुश्किल बना हुआ था। नालियों की सफाई तक नहीं हो पा रही थी। जिस वजह से इलाके के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
नागरिकों ने इस संबंध में कई बार पालिका से सफाई करने की मांग की थी। लेकिन पालिका ने उनकी मांग की अनदेखी की। पालिका के रवैये से थक हार कर क्षेत्र के युवाओं ने खुद सफाई करने का बीड़ा उठाया। रविवार को युवा गंदगी से भरी नालियों और रास्तों की सफाई करने में जुट गए। युवाओं ने श्रमदान के कर रास्तों और नालियों की सफाई कर साफ बना दिया। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों को भी साफ किया। श्रमदान करने वालों में प्रकाश चंद्र दुबे, विजय सक्टा, संदीप देव, विजय सिंह, सचिन अधिकारी शामिल थे। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की कमी से दिक्कतें आ रही हैं। जूप और छतार वार्ड में शीघ्र ही सफाई अभियान चलाया जाएगा।