बनबसा में शनिवार से शुरू हुई भर्ती रैली के लिए बस नहीं मिलने से परेशान युवकों से जब टैक्सी वालों ने तीन गुना किराया मांगा तो वह भड़क गए। नाराज युवाओं ने रोडवेज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले की जानकारी होने पर एसडीएम और रोडवेज की पहल पर दो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर युवाओं को टनकपुर तक भेजा गया। बसों में ठूंस-ठूंस कर युवा किसी तरह टनकपुर पहुंचे।
शनिवार सुबह से भर्ती में जाने के लिए युवाओं की लोहाघाट रोडवेज स्टेशन पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं को वाहन नहीं मिले। मौके का फायदा उठाते हुए युवाओं से 400 से 500 रुपये सवारी वसूला। भर्ती के लिए जा रहे युवा सुनील सिंह, मयंक ओली, कमल किशोर, युवराज सिंह, सोनू राय, गिरीश चंद्र, दिनेश राम, प्रकाश चंद्र, कल्याण सिंह, नवीन कुमार आदि का कहना था कि सुबह बस नहीं होने से वे टैक्सियों से टनकपुर रवाना हुए।
हमसे मनमाना किराया वसूला गया। इधर, लोहाघाट में आक्रोशित युवाओं ने नारेबाजी की। इस पर एसडीएम आरसी गौतम ने रोडवेज कार्यालय में जाकर अतिरिक्त बसें लगाने के आदेश दिए। एसडीएम ने बताया कि टैक्सी यूनियन को भी उचित किराया लेने के निर्देश दे दिए गए हैं। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी बीसी आर्या ने बताया कि टनकपुर मार्ग के लिए सामान्य रूप से चलने वाली 12 बसों के अलावा दो अन्य बसों को भेजा गया। जिनमें युवाओं को टनकपुर तक ले जाया गया। रविवार को भी रोडवेज हालात के मुताबिक टनकपुर होते हुए जाने वाली बसों की संख्या को बढ़ा सकता है।
चंपावत में भी नहीं मिली बसों में सीट
चंपावत। नगर में भी भर्ती के लिए जा रहे युवाओं ने बसों में जगह नहीं मिलने के विरोध में बस स्टेशन का गेट बंद कर प्रदर्शन किया। इससे स्टेशन में करीब आधे घंटे तक बवाल मचा।
बसों की व्यवस्था होने के बाद युवाओं का विरोध खत्म हुआ
युवाओं ने बताया कि लोहाघाट और पिथौरागढ़ से आने वाली बसें पहले से फुल होकर आ रही हैं, जिसके चलते युवाओं को बस में नहीं बैठने दिया जा रहा है। अलबत्ता बाद में कुछ अतिरिक्त बसों के आने के बाद हालात सामान्य हुए और नौजवानों ने विरोध वापस लिया।
उधर अभ्यर्थियों ने अधिकांश टैक्सी चालकों पर मनमाना किराया वसूलने का आरोप लगाया। कहा कि ज्यादातर टैक्सी संचालक 75 किमी दूर टनकपुर के लिए 150 से 225 रुपये के बजाय 400 रुपये तक वसूल रहे हैं। टैक्सी यूनियन ने मनमाना किराया लेने के आरोप को गलत बताया है।