चंपावत के सीमांत मंच में बीएसएनएल का पुतला फूंकते युवा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सीमांत मंच क्षेत्र में भारत संचार निगम की लचर मोबाइल सेवा के विरोध में युवाओं ने नारेबाजी करते हुए बीएसएनएल का पुतला फूंका। युवाओं ने क्षेत्र की दूरसंचार व्यवस्था ठीक नहीं होने पर रोष प्रकट किया और जल्द ही पूर्व की तरह थ्री जी सेवा शुरू न होने पर जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
युवाओं का कहना था कि क्षेत्र में बीते चार माह से दूरसंचार सेवा ठप है, मोबाइल टावर होने के बाद भी लोगों के मोबाइल से सिग्नल गायब हैं। युवाओं का कहना है कि बीएसएनएल के अधिकारियों से इस मामले में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उनका कहना है कि सीमांत क्षेत्र में बेहतर मोबाइल सेवा देने के लिए बीएसएनएल की ओर से छह माह पूर्व बचकोट में मोबाइल टावर लगाया गया था। इसमें दो माह तक कनेक्टिविटी भी ठीक ठाक चलती रही। लेकिन पिछले चार माह से बीएसएनएल सेवा क्षेत्र में ठप पड़ी हुई है। इसके कारण ग्रामीणों के मोबाइल शोपीस बने हुए हैं। युवाओं ने जल्द मोबाइल सेवा के साथ थ्री जी सेवा शुरू न किए जाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। पुतला फूंकने वालों में राहुल सिंह महर, बची सिंह, अर्जुन सिंह, पंकज सिंह, जगदीश सिंह, रविंद्र सिंह, पंकज वर्मा, गौरव सिंह, विनोद सिंह आदि शामिल रहे।