चंपावत। चंपावत क्रिकेट एसोसिएशन ने देवभूमि क्रिकेट ग्राउंड चल्थी में नशा नहीं जिंदगी चुनें सद्भावना मैच का आयोजन किया। मैच सीएयू की टीम आठ विकेट से जीता। मैच का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश देना था।
शुक्रवार को मैच प्रशासन इलेवन और सीएयू की टीम के बीच हुआ। टॉस जीतकर कप्तान डीएम नवनीत पांडे ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।
प्रशासन इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में राहुल महर के 31, पंकज पाठक के 25, गणेश पांडे के 23 रनों की मदद से 151 रन बनाए। प्रियांशी और अनमोल ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएयू ने गर्व के 71 और मुस्कान के 52 रन की बदौलत दो विकेट खोकर 15वें ओवर में मैच जीत लिया। गर्व मैन ऑफ द मैच चुने गए। विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान डीएम ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है। इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाने का रास्ता दिखाती हैं। ड्रग फ्री देवभूमि अभियान 2025 का लक्ष्य उत्तराखंड को एक नशामुक्त और स्वास्थ्य प्रधान राज्य बनाना है।
यहां एसडीएम सदर अनुराग आर्या, अलकेश नौडियाल, दीप्तिकीर्ति तिवारी, डीएसओ चंदन सिंह बिष्ट, बीईओ भारत जोशी आदि मौजूद रहे।