जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवक मंगल दलों और महिला मंगल दलों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। युवा महोत्सव में महिला मंगल दल पऊ और युवक मंगल दल बिंडा तिवारी को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया।
शनिवार को गोरलचौड़ मैदान में डीएम एसएन पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम क्षेत्रीय संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करने के साथ कलाकारों को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। लोकगीत विधा में लोहाघाट, बाराकोट और पाटी पहले तीन स्थान पर रहे। लोकनृत्य प्रतियोगिता में लोहाघाट, पाटी और बाराकोट, एकांकी प्रतियोगिता में लोहाघाट, पाटी तथा बाराकोट, शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में लोहाघाट, चंपावत तथा पाटी पहले तीन स्थान पर रहे।
शास्त्रीय तबला वादन प्रतियोगिता में लोहाघाट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में बाराकोट, पाटी और लोहाघाट ने बाजी मारी। हारमोनियम प्रतियोगिता में आदित्य गिरि, अजय कलखुडिय़ा और नवीन रसीला विजेता रहे। संगीत शिक्षक रविश चंद्र पचौरी, मुकेश गिरि तथा संजय जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संचालन सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र गहतोड़ी और राजेश चौबे ने किया।
वहां जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. गणेश बुदियाल, पूर्व युवा कल्याण अधिकारी प्रहलाद सिंह मेहता, मत्स्य अधिकारी संजीव कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, सहायक खेल अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह, हरीश चंद्र जोशी सहित चारों विकासखंडों की टीमें, टीम प्रभारी आदि थे।