क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ चंपावत की ओर से आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट लीग में यंग स्टार चंपावत ने लोहाघाट इलेवन को 58 रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
बिशुंग के टाण खेल मैदान में प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईटीबीपी के सहायक सेनानी प्रकाश भंडारी और विशिष्ट अतिथि बीईओ हरेंद्र साह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। यंग स्टार चंपावत की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 173 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
टीम के खिलाड़ी कमलेश कुमार ने 91 रन बनाए। लोहाघाट की ओर से सौरभ अधिकारी ने 29 रन देकर पांच विकेट लिए। लोहाघाट की टीम 119 रन पर ढेर हो गई। लोहाघाट के पंकज सामंत ने 31 रन बनाए और चंपावत के प्रकाश, मोहित ने दो-दो विकेट लिए। कमलेश कुमार को मैन ऑफ द सीरीज और लोहाघाट के सौरभ अधिकारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अंपायरिंग हरीश फर्त्याल, सौरभ अधिकारी, स्कोरिंग योगेंद्र धौनी ने की। एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पाटनी और सचिव नीरज वर्मा ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।
आयोजन में नरेंद्र अधिकारी, नरेश फर्त्याल, कैलाश फर्त्याल, त्रिभुवन उपाध्याय, दरवान सिंह फर्त्याल, जितेंद्र फर्त्याल, सरदार सिंह, दिनेश मुरारी, केदार सिंह मेहरा, रोहन बिष्ट आदि ने सहयोग किया। वहां प्रहलाद सिंह मेहता, छत्र सिंह ढेक, चेयरमैन गोविंद वर्मा, जीवन मेहता, ब्रजेश माहरा, प्रदीप बोहरा, विनोद ढेक, गिरीश फर्त्याल थे।