पतंजलि योग संस्था हरिद्वार ने एक दिवसीय योग शिविर लगाकर लोगों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने योग से होने वाले फायदों की जानकारी देते हुए लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
विजन पब्लिक स्कूल में आयोजित शिविर में पंतजलि योग संस्थान हरिद्वार से आई योग शिक्षिका नेहा कापड़ी ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं उज्जयी आदि प्रणायामों का अभ्यास कराया। ताड़ासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन, तिर्यकासन आदि आसनों का भी अभ्यास कराया गया। योग शिक्षिका ने कहा कि प्रतिदिन योग करने से अनिद्रा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह आदि बीमारियों से निजात पाया जा सकता है।
विद्यार्थियों को ध्यान लगाने में मदद मिलती है। योग नित्य करने से पेट, गले आदि में होने वाले विकारों का भी जड़ से नाश होता है। उन्होंने साधकों को प्रतिदिन एक घंटा योगाभ्यास करने का संकल्प भी दिलाया। योगाभ्यास में स्कूल के छात्र-छात्राओं के अलावा अभिभावकों ने भी प्रतिभाग किया। विद्यालय के प्रबंधक अजय देउपा व प्रधानाचार्य नवलकिशोर तिवारी ने पतंजलि योग संस्थान और योग शिक्षिका का आभार व्यक्त किया।
जिला पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के तत्वावधान में रविवार को पूर्व सैनिकों के लिए सैनिक विश्राम गृह में एक दिवसीय योगाभ्यास शिविर आयोजित होगा। परिषद के योग प्रशिक्षक नंदन सिंह डांगी ने बताया कि सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले शिविर में पूर्व सैनिकों को योगाभ्यास कराने के साथ ही योग के फायदों की भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के पूर्व सैनिकों से शिविर में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है।