सोलर फेंसिंग लाइन बिछाने का कार्य। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। शारदा वन रेंज की ओर से हाथियों को आबादी में घुसने से रोकने के लिए सोलर फेंसिंग लगाने का कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को ककराली गेट से नायकगोठ के बीच छूटे ढाई सौ मीटर के क्षेत्र में फेंसिंग लगाने का कार्य शुरू किया गया।
बता दें कि शारदा वन रेंज से सटे गांव नायगोठ, थ्वालखेड़ा, बस्टिया, बसानीगोठ, छीनीगोठ, गैड़ाखाली और उचौलीगोठ में हाथी आबादी में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाते हैं। विभाग की ओर से हाथियों के झुंड को आबादी में आने से रोकने के लिए बड़े हिस्से में सोलर फेंसिंग लगाई गई है लेकिन ककराली गेट से नायकगोठ के बीच कुछ हिस्सा छूटा था। उक्त हिस्से से हाथी आबादी में घुस रहे थे। रेंजर पीसी जोशी ने बताया कि 250 मीटर क्षेत्र में सोलर फेंसिंग लगाने का कार्य शुरू हो गया है। संवाद
झूलाघाट मुख्य बाजार में तेंदुआ दिखने से दहशत
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। मुख्य बाजार में रविवार देर रात तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए ने स्थानीय निवासी कमान सिंह खड़ायत के घर से पालतू कुत्ते को पकड़ लिया। तेंदुए के भय से कमान सिंह बाहर नहीं आए। उनकी भाभी ने छत से तेंदुए को पत्थर मारा जिस पर तेंदुआ कुत्ते को छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि झूलाघाट के ऊपरी हिस्सों में तेंदुआ अक्सर दिखाई देता है। जंगल में भोजन की कमी और जंगलों के कटान से जंगली जानवरों का रिहायशी इलाकों में आकर शिकार करना आम बात होती जा रही है। संवाद