पाटी (चंपावत)। पीएचसी पाटी में शुक्रवार को एक्सरे तकनीशियन आ गए हैं। अब शुक्रवार से मरीजों को एक्सरे का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। 10 दिन ने एक्सरे तकनीशियन के अभाव में अस्पताल आने वाले मरीजों को लोहाघाट या चंपावत की दौड़ लगानी पड़ रही थी।
खनन न्यास निधि में बजट नहीं होने के कारण अस्पताल में तैनात तकनीशियन की सेवाएं एक अप्रैल से समाप्त कर दी गई थीं। इस कारण मरीजों को ज्यादा पैसे खर्च कर एक्सरे के लिए लोहाघाट या चंपावत की दौड़ लगानी पड़ रही थी। आने-जाने में लोगों का एक्सरे से ज्यादा पैसे खर्च हो जा रहा था।
पाटी अस्पताल में ही एक्सरे सुविधा उपलब्ध होने से 60 से 70 किमी दूर पाटी ब्लॉक के सीमांत गांव भिंगराड़ा, ढोलीगांव, कजलाकोट, वारसी, रीठाखाल, सिमलकन्या सहित अल्मोड़ा और नैनीताल के गांवों के लोग पाटी अस्पताल में इलाज और एक्सरे कराने ने लिए आते हैं। शुक्रवार से अस्पताल में एक्सरे तकनीशियन आने से लोगों को राहत मिलेगी। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि रोस्टरवार जिला अस्पताल के तकनीशियन पाटी अस्पताल में सेवा देंगे। इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।