बारहमासी सड़क में रात में निर्माण कार्य करने के लिए लगाई गई फ्लड लाइट।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर से पिथौरागढ़ तक बनाई जा रही बारहमासी सड़क में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कई जगहों पर रात में फ्लड लाइटों के सहारे पहाड़ कटिंग का कार्य किया जा रहा है।
बनलेख से मुड़ियानी के बीच चल रहे कटिंग कार्य में उड़ रही धूल से बचने के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। बनलेख से मुड़ियानी तक कार्यदायी संस्था शिवालया कंपनी की ओर से आपदा के समय में काम आने वाली फल्ड लाइटों का प्रयोग कर रात में निर्माण कार्य में किया जा रहा है। कंपनी की ओर से वर्तमान में दो फ्लड लाइटों का प्रयोग किया जा रहा है।
बनलेख से ताड़केश्वर के बीच सड़क निर्माण में पहाड़ी के कटिंग से निकले मलबे को हटाने के लिए मुड़ियानी और ताड़केश्वर डंपिंग जोन बनाए गए हैं। इनको पेयजल स्रोतों से हट कर बनाया गया है।
नदी के उद्गम क्षेत्र में मलबा डालने से ग्रामीणों में आक्रोश
चंपावत। बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान गंडक नदी के उद्गम क्षेत्र में मलबा डाले जाने से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। रमेश चंद्र, उमाशंकर, बलदेव, नारायण आदि ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मलबा डाले जाने के कारण गंडक नदी का जलभराव वाला क्षेत्रफल सिकुड़ता जा रहा है। एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा का कहना है कि डंपिंग जोन निर्धारित किए जाते समय इस बात का खास ध्यान रखा गया है कि गंडक नदी के जलभराव वाले क्षेत्रफल के साथ ही पेयजल के अन्य स्रोत प्रभावित न हो सकें। इस संबंध में कार्यदायी संस्था को पूर्व में ही निर्देश दिए जा चुके हैं।
कीचड़ में फंस रहे हैं कई वाहन
बारहमासी सड़क में बनलेख से मुड़ियानी के बीच धूल से बचने के लिए किए जा रहे पानी के छिड़काव से कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। इससे कई वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं। वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला ने कार्यदायी संस्था शिवालया कंपनी को कीचड़ की समस्या का समाधान करने को कहा गया है।
.
बाइपास के लिए पेड़ों की गिनती का काम जारी
बारहमासी सड़क में जिला मुख्यालय में बनने वाले बाइपास मार्ग में पेड़ों की गिनती का काम जारी है। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता के अनुसार चंपावत में 11 किमी बाइपास निर्माण के लिए 15.84 हेक्टेयर नाप भूमि और 10.56 हेक्टेयर बेनाप भूमि को चिह्नित किया गया है।