चंपावत के राहत केंद्र में रह रहे मजदूरों से बात करतीं नायब तहसीलदार ज्योति धपोला।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। चंपावत के रैनबसेरा केंद्र के राहत शिविर के मजदूरों को अगले दो दिनों में यहां से शिफ्ट कर दिया जाएगा। इन मजदूरों ने ऊधमसिंह नगर जिले में जाने के लिए आवेदन किया है।
चंपावत के राहत शिविर में 30 मार्च से 40 मजदूर रह रहे हैं। उत्तर प्रदेश के बहेड़ी और बहराइच के रहने वाले ये मजदूर अपने घरों को जाने को बेताब हैं। शुक्रवार राहत केंद्र पहुंचीं नायब तहसीलदार ज्योति धपोला ने इन मजदूरों से राहत केंद्रों की व्यवस्था की जानकारी ली। मजदूरों का कहना है कि यहां व्यवस्थाएं तो ठीक है, लेकिन घर नहीं पहुंचने से गेहूं की कटाई पर असर पड़ा है। बताया कि उन्होंने प्रदेश के भीतर अपने इच्छित स्थान जाने के लिए बृहस्पतिवार को आवेदन किया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद इन मजदूरों को ऊधमसिंह नगर जिले में भेज दिया जाएगा। ब्यूरो