चंपावत। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला पंचायत की पहली बैठक हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि डीएम मनीष कुमार ने बैठक का शुभारंभ किया।
जिला पंचायात अध्यक्ष ने कहा कि हम सब मिलकर सीएम की आदर्श चंपावत की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का संकल्प लें। उन्होंने पारदर्शिता, जनसहभागिता और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने पर बल दिया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने कहा कि सीएम के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि विकास कार्य अंतिम छोर तक पहुंचाना ही सबका लक्ष्य होना चाहिए।
डीएम ने कहा कि हर सदस्य को योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए ताकि जनता को उसका लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी सदस्यों को योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी नियमित रूप से देने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने विकास कार्यों को दीर्घकालिक, मध्यकालिक और लघुकालिक तीन श्रेणियों में विभाजित कर प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका और प्रशासनिक समन्वय से ही आदर्श चंपावत की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।