निर्माणाधीन धौन रोड से बड़ौली मोटर मार्ग में काटे जा रहे पेड़।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में निर्माणाधीन धौन रोड से बड़ौली सड़क में निशान लगे पेड़ों का कटान शुरू हो गया है। पेड़ नहीं कटने से करीब एक माह से रोड कटिंग का काम भी रूका हुआ था। वन निगम शनिवार से पेड़ काटने का काम शुरू कर दिया है। इस मार्ग में कटने वाले 316 पेड़ों में से अब तक 50 पेड़ों को काटा जा चुका है।
धौन रोड से बड़ौली सड़क में मझेड़ा से समरेखन को लेकर दो गांवों के बीच विवाद था। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत होने के बाद 10 मार्च को सड़क का काम शुरू हुआ। मगर 700 मीटर कटिंग के बाद पेड़ आने से रोड का काम फिर रूक गया। पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता संजय तिवारी ने बताया कि 6.55 किलोमीटर लंबी यह सड़क 4.22 करोड़ रुपये से बनेगी।
मझेड़ा के लोग करेंगे विरोध
मझेड़ा गांव के लोग मझेड़ा होते हुए रोड नहीं ले जाने का अब भी विरोध कर रहे हैं। इसे लेकर 11 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनाव में यहां के लोगों ने मतदान में भी हिस्सा नहीं लिया। मझेड़ा गांव के बूथ बस्टिया गूंठ में 267 वोटों में से सिर्फ 5 वोट पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि वे मझेड़ा होते हुए कटिंग नहीं करने पर रोड के काम को आगे नहीं बढ़ने देंगे।