निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर चूका-रूपालीगाड़ के बीच लधिया नदी पर पुल की प्रस्तावित जगह।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। नेपाल सीमा से सटे निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी (टीजे) सड़क पर चूका-रुपालीगाड़ के बीच पुल 2019 में बन जाना चाहिए था, लेकिन अभी इसका काम भी शुरू नहीं हो सका है। अलबत्ता पिछले साल अक्तूबर में शासन ने ब्रिज, रोपवे, टनल एंड अदर इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (ब्रिडकुल) को बदल लोनिवि की पीआईयू (परियोजना क्रियान्वयन इकाई) को कार्यदायी एजेंसी बनाने के छह माह बाद अब निविदा की प्रक्रिया शुरू हो गई है। टीजे सड़क पर चूका और रुपालीगाड़ को जोड़ने के लिए 27.72 करोड़ रुपये से लधिया नदी पर 690 मीटर लंबा पुल बनाया जाना है। ब्रिडकुल को तीन साल के भीतर जून 2019 में पुल को बनाना था, लेकिन पुल का काम भी शुरू नहीं हो सका। अक्तूबर 2020 में शासन ने इस काम को लोनिवि के पीआईयू को देने के आदेश दिए। पीआईयू के ईई बीसी पंत का कहना है कि निविदा 29 अप्रैल को खोली जाएगी।
करीब 39 महीने तक लटका रहा निर्माण कार्य
चंपावत। दूसरे पैकेज के लिए महत्वपूर्ण कड़ी है यह पुल टीजे सड़क के दूसरे पैकेज चूका-रुपालीगाड़ (24.400 किमी) को जोड़ने में यह पुल अहम है। निविदा विवाद के चलते 123 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले दूसरे पैकेज का काम अगस्त 2017 से करीब 39 महीने तक लटका रहा। वहीं टीजे सड़क के पहले पैकेज (17.875 किमी लंबा ठुलीगाड़ से चूका) में अधिकांश काम पूरा हो चुका है। (ब्यूरो)
कोट
टीजे सड़क पर चूका से रूपालीगाड़ के बीच निर्माणाधीन पुल का काम ब्रिडकुल के बजाय लोनिवि को दिया गया है। लोनिवि की पीआईयू ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीआईयू को तेज गति से काम करने के निर्देश दिए गए है।
- विनीत तोमर, डीएम, चंपावत।