चंपावत। जिला मुख्यालय के चौकी क्षेत्र में घटाेत्कच मंदिर का सौंदर्यीकरण और अन्य निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। ग्रामीण निर्माण विभाग करोड़ों की लागत से कार्य कर रहा है। नगर से दो किमी दूर चंपावत-तामली मार्ग पर मल्ली चौकी में घटोत्कच मंदिर भीम और हिडिंबा के पुत्र घटोत्कच को समर्पित है, इसे घटकू देवता मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर के महत्व को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसके सौंदर्यीकरण की घोषणा की थी। ग्रामीण निर्माण विभाग 1.89 करोड़ की लागत से इसका रूप संवार रहा है। सहायक अभियंता प्रमोद कुमार वर्मा ने बताया कि मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में है। मुख्य मंदिर की छत लगाई जानी है, जबकि दो कमरे, स्टोर, बाथरूम, शौचालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सुरक्षा दीवार लगा दी है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में स्थित घटोत्कच मंदिर की तरह ही इसका स्वरूप बनाया जा रहा है। संवाद