वन विभाग द्वारा जब्त किया गया साल के भारी भरकम लट्ठे से लदा ई-रिक्शा व बाइक।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। खटीमा रेंज की वन विभाग की टीम ने साल के भारी भरकम लट्ठे से लदा ई-रिक्शा, बाइक और एक साइकिल जब्त की है। वन कर्मियों को देखते ही लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद लट्ठा सालवनी के जंगल से काटा गया है। ई-रिक्शा और बाइक के नंबर से फरार हुए तस्करों का पता लगाया जा रहा है।
खटीमा रेंज के जंगल में इन दिनों लकड़ी तस्करों का गिरोह खासा सक्रिय है। जंगल में गिरे पड़े साल के कई पेड़ों की लकड़ी तस्कर गायब कर चुके हैं। बुधवार की रात भी तस्कर सालवनी के जंगल में साल के लट्ठे काट रहे थे। इससे पहले कि वन विभाग की टीम तस्करों का दबोच पाती तस्कर लट्ठा लदा ई रिक्शा (यूके 03 ईआर/0366), बाइक (यूके 03 बी/3647) और एक साइकिल मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। विभाग की टीम ने ई-रिक्शा, बाइक और साइकिल जब्त कर ली है। अब विभाग फरार हुए तस्करों का सुराग लगाने में जुट गया है। ई-रिक्शा और बाइक के नंबर के आधार पर वन विभाग फरार हुए तस्करों का पता लगाने की कोशिश में जुट गया है। वन विभाग की टीम में वन दरोगा अशोक कुमार गौतम, बीट प्रभारी प्रहलाद सिंह गोनिया व वन दरोगा विनोद कुमार सुयाल शामिल थे। संवाद