लोहाघाट दमकल विभाग में निर्माणाधीन महिला बैरक। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। अग्निशमन विभाग में महिला दमकल कर्मियों की भर्ती होने के साथ ही लोहाघाट दमकल विभाग में महिला बैरक का निर्माण शुरू हो गया है। यह इसी माह बनकर तैयार हो जाएगा। इससे महिला दमकल कर्मियों को राहत मिलेगी।
दमकल विभाग के कार्यालय के ऊपरी मंजिल में पांच लाख रुपये से सात बेड की महिला बैरक का निर्माण चल रहा है। इस बैरक में अटैच शौचालय और स्नानागार की सुविधा रहेगी। पूर्व में दमकल विभाग में महिला दमकल कर्मियों की तैनाती नहीं हुई थी। विगत दिवस महिला दमकल कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें दमकल विभागों में तैनाती दी गई है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद चंपावत जिले में 10 महिला और छह पुरुष दमकल कर्मी मिले हैं। उन्हें जल्द ही जिले के टनकपुर और लोहाघाट दमकल विभाग में तैनाती दी जाएगी।
बाक्स
आवासीय सुविधा न होने से किराये पर रहने को मजबूर दमकल कर्मी
लोहाघाट। चंपावत जिले के पर्वतीय क्षेत्र के एकमात्र दमकल स्टेशन के पास दमकल कर्मियों के रहने के लिए अपने कोई आवासीय भवन नहीं है। दमकल कर्मी थाने की पुरानी जीर्ण बैरक में रहने को मजबूर हैं। दमकल विभाग में आवासीय सुविधा नहीं होने से करीब 15 दमकल कर्मी किराये पर रहने को मजबूर हैं। संवाद
कोट
दमकल विभाग के पास लोहाघाट में थाना परिसर में 14 नाली 11 मुट्ठी भूमि है। दमकल विभाग के प्रशासनिक और आवासीय भवन निर्माण के लिए 3.96 करोड़ की डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई है। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू हो जाएंगे। जल्द ही लोहाघाट में नए महिला और पुरुष दमकल कर्मी मिलने जा रहे हैं।
चंदन राम, अग्निशमन अधिकारी, लोहाघाट।