पशुपालक महिला को पुरस्कृत करते विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान।
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड के किमतोली खालगढ़ा में दुग्ध संघ और बाल विकास की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटकों के जरिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देकर लोगों को जागरूक किया गया।
विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने कहा कि दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को सभी सुविधाएं और दूध की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दूध के दाम में दी जा रही 4 रुपये की प्रोत्साहन राशि को 10 रुपये किए जाने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने डेरी विकास विभाग के अधिकारियों को भी दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को हर संभव मदद करने को कहा।
डीएम रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि बच्चों को सप्ताह में दो बार निशुल्क दूध उपलब्ध कराने के निर्णय से दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को दूध के वास्तविक दाम मिल सकेंगे और उनकी आर्थिक व्यवस्था में सुधार भी होगा। इस दौरान विधायक और डीएम ने 58 दुग्ध समितियों के सचिवों को चैक वितरण के साथ वर्ष 2018 में उच्चतम दुग्ध उत्पादन करने वाली मुन्नी देवी, कविता देवी, चंदा देवी, ममता देवी और बाल विकास विभाग के माध्यम से पांच महिलाओं को वैष्णवी किट बांट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कुमाऊं लोक सांस्कृतिक दला दर्पण लोहाघाट के दलनायक भैरव राय के नेतृत्व में आए कलाकारों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला साक्षरता एवं जागरूकता का संदेश दिया। वहां दुग्ध संघ अध्यक्ष मोहन सिंह पाटनी, नरेंद्र सिंह डुंगरियाल, पीएस बृजवाल, राजेश मेहता, रेखा श्रीवास्तव, अमर सिंह कुटियाल, भैरव दत्त राय, दुग्ध समिति, डेयरी विकास एवं बाल विकास के कर्मचारी उपस्थित थे।