पाटी में महिलाओं के भारी विरोध के चलते शराब की दुकान नहीं खुल पा रही है। शराब की दुकान के प्रस्तावित स्थल न्यू कालोनी में खुलने की भनक लगने के बाद से महिलाएं विरोध पर उतारू हैं। 9वें दिन रविवार को भी महिलाओं ने प्रदर्शन किया। वहीं लाठी-डंडे, बिच्छू घास लेकर रात में भी दस-दस महिलाओं की टोलियां चक्कर लगा रही है।
मंजू गहतोड़ी के नेतृत्व में महिलाओं ने किसी भी कीमत पर शराब की दुकान को आबादी वाले इलाके और शैक्षिक संस्थानों के आसपास नहीं खुलने देने का संकल्प लिया। कहा कि अगर राजस्व घाटा हो रहा है, तो सरकार जंगल में शराब की दुकान खोलकर इसकी भरपाई करे, लेकिन आबादी के नजदीक शराब की दुकान के खुलने से नौनिहालों के भविष्य पर गंभीर संकट के अलावा सुरक्षा की भी समस्या पैदा होगी।
पाटी थाने के सामने शराब की दुकान शिफ्ट होने की सुगबुगाहट के चलते महिलाओं ने थाने के पास नारेबाजी की और रोड पर ही बैठ गई। दुकान के शिफ्ट नहीं होने के आश्वासन पर महिलाएं रोड से हटने को राजी हुई, मगर महिलाओं ने पाटी में शराब की दुकान नहीं खुलने का लिखित आश्वासन देने से पूर्व आंदोलन खत्म नहीं करने का ऐलान किया है। पाटी के ग्राम प्रधान छत्र सिंह बिष्ट ने महिलाओं के आंदोलन का समर्थन किया है।