लोहाघाट के ऋषेश्वर वार्ड में पेयजल समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपती महिलाएं।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के ऋषेश्वर वार्ड में पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने तहसील परिसर में धरना दिया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की। मंगलवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया के नेतृत्व में ऋषेश्वर वार्ड की महिलाओं ने पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग को लेकर तहसील परिसर में धरना दिया। महिलाओं का कहना था कि करीब चार महीनों से वार्ड के हनुमान मंदिर के आसपास कई घरों में पानी नहीं आ रहा है। दोषपूर्ण वितरण व्यवस्था के चलते कई स्थानों पर अतिरिक्त पानी जा रहा है, जो बर्बाद हो रहा है। आक्रोशित महिलाओं ने जल्द पानी की व्यवस्था सुचारु न होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। एसडीएम केएन गोस्वामी ने जल संस्थान के ईई को तत्काल कार्यवाही कर लोगों की समस्याओं का समाधान का निर्देश दिए। प्रदर्शन करने वालों में प्रीति माहरा, हरीश पांडेय, कृष्णा खत्री, दिनेश पांडेय, उमेश पुनेठा, त्रिलोचन जोशी आदि मौजूद रहे।