जिला मुख्यालय में शराब की दुकान को लेकर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को जहां ढकना बडोला गांव में शराब की दुकान खुलने की सुगबुगाहट से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने जहां कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था।
वहीं आज मंगलवार को शराब की दुकान के कलक्ट्रेट रोड पर खुलने की भनक लगने के बाद महिलाएं एक बार फिर से भड़क गई हैं। उन्होंने कलक्ट्रेट रोड पर दुकान खोलने का विरोध किया। इसके अलावा महिलाओं ने कनलगांव, आरएफसी गोदाम, पुलिस लाइन आदि क्षेत्रों में घूम-घूम कर शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया।
उन्होंने लोगों से शराब की दुकान के लिए अपना मकान नहीं देने की अपील की। हेमा जोशी, जीवंती देवी, जानकी जोशी, प्रभा जोशी, कमला देवी, सीमा देवी, रीता, बबीता, कौशल्या देवी के नेतृत्व में तमाम महिलाओं का कहना था कि आबादी वाले स्थलों में शराब की दुकान किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। बीते चार दिनों से शराब की दुकानें नहीं खुलने से शराब कारोबारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद के अनुसार जिले में शराब की दुकानों के व्यवस्थापन की प्रक्रिया जारी है। टनकपुर, बनबसा, लोहाघाट में दुकानें संचालित हो रही हैं, जबकि देवीधुरा की दुकान के लिए अनुज्ञापी ने लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया है।
सूखीढांग के लोगों का पांचवें दिन भी जारी रहा विरोध
बृजनगर सूखीढांग स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को धूरा मार्ग पर शिफ्ट करने के विरोध में ग्रामीणों और महिलाओं का विरोध प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। महिलाओं और ग्रामीणों ने बृजनगर से सूखीढांग तक नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। गुस्साए लोगों ने मंगलवार को भी राममंदिर चौक में अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा। पूर्व प्रधान इंद्र सिंह की अध्यक्षता और शंकर जोशी के संचालन में धरना स्थल में सभा का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों ने अंग्रेजी शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने का विरोध किया। महिलाओं ने किसी भी कीमत पर धूरा मार्ग पर दुकान नहीं खोलने देने का ऐलान किया है। रैली निकालने और विरोध प्रदर्शन में धूरा की प्रधान लक्ष्मी देवी, डॉ. प्रकाश जोशी, बीडीसी सदस्य राजेंद्र सिंह, सरस्वती देवी, महेंद्र सिंह, मोहिनी देवी, उमा देवी, केशवी देवी, उर्मिला देवी, मोहिनी देवी, कमला देवी, शोभा देवी, नीला देवी, जानकी देवी, मुन्नी देवी, खीमा देवी, ललिता देवी, ममता देवी, पुष्पा देवी, कुंती देवी आदि शामिल रहे।