हाइवे के किनारे से शराब की दुकानें हटाए जाने के निर्देश के चार दिन बाद भी महिलाओं के भारी विरोध के चलते पाटी में शराब की दुकान नहीं खुल पाई है। न्यू कालोनी में शराब की दुकान शिफ्ट करने की सुगबुगाहट के चलते महिलाओं ने शराब की दुकान का विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं शराब की दुकान न खुलने देने के लिए बारी-बारी से पहरा दे रहीं हैं।
आंदोलन की अगुवाई कर रही मंजू गहतोड़ी ने कहा कि अगर राजस्व के नाम पर सरकार शराब की दुकान को आबादी क्षेत्र में खोलने पर आमादा है, तो उसे शिक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देना चाहिए। समाजसेवी पार्वती भट्ट ने कहा कि शराब की दुकानें केंद्र सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजना के लिए चुनौती है।
लोगों ने शराब की दुकान को शिफ्ट कर बेटियों की सुरक्षा एवं शिक्षा सुलभ कराने की मांग की। मंगलवार को भी महिलाओं ने पूनाकोट मार्ग से लेकर छतरिदयार, तहसील चैराहा, मल्ली बाजार, न्यू कालोनी सहित कई स्थानों में गश्त की। पहरा देने वालों में लक्ष्मी देवी, हीरा देवी, सुनीता देवी, दीपा देवी, हरी देवी, पार्वती भट्ट, मंजू गहतोड़ी, लक्ष्मी बिनवाल, सावित्री भट्ट, लता लडवाल, नेहा जोशी आदि महिलाएं शामिल थीं।