पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरू की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस लाइन में आयोजित गोष्ठी में उच्चकोटि की परेड ड्रिल कमांड के लिए लोहाघाट थाने की महिला कांस्टेबल ज्योति गोस्वामी और बनबसा थाने की ममता अधिकारी को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा एक दिन पूर्व थानाध्यक्ष पाटी पीआर विश्वकर्मा के नेतृत्व में भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने पर थाने की टीम को 2500 रुपये के नकद इनाम देने की घोषणा की गई।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण करने तथा पिछले दिनों हुई चोरी की घटनाओं के तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चालकों का चालान करने एवं नाबालिग बच्चों के दुपहिया वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनके अभिभावकों को भी हिदायत देने को निर्देशित किया गया। साथ ही आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
गोष्ठी में शासकीय अधिवक्ताओं द्वारा विभिन्न विधिक कार्यवाहियों से अवगत कराया गया। मासिक अपराध गोष्ठी में सीओ पीएस कफलिया, आरएस रौतेला के अलावा सभी शासकीय अधिवक्ताओं, अभियोजन अधिकारी, एसएसबी के कमांडेंट, सभी थानाध्यक्ष, एलआईयू निरीक्षण एएस गुंज्याल और अग्निशमन सेवा के अधिकारी मौजूद रहे।