लोहाघाट में शराब की दुकान के आगे धरना देती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
नगर के मीना बाजार रोड स्थिति डिग्री कॉलेज तिराहे में खोली गई अंग्रेजी शराब की दुकान का विरोध में महिलाओं का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोहल्ले की महिलाओं ने तीसरे दिन भी शराब की दुकान के सामने धरना दिया। महिलाओं और स्कूली बच्चों ने हाथों में बिच्छू घास लेकर मीनाबाजार सड़क पर जाम लगाकर शराब की दुकान बंद करो के नारे लगाए।
शराब की दुकान के विरोध में सोमवार को बजरंगबली वार्ड की सभासद प्रवीण रजा के नेतृत्व में मोहल्ले की महिलाओं और बच्चों ने बिच्छू घास लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लगाया। जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाईन लग गई। महिलाओं का कहना था कि सरकार द्वारा शराब की दुकान खोलने में तो खूब दिलचस्पी ली जा रही है, लेकिन लोहाघाट नगर की पेयजल समस्या से निजात दिलाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
महिलाओं का कहना था कि जब तक मोहल्ले से शराब की दुकान नहीं हटाई जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में रेनू देवी, किरन देवी, शोभा देवी, माहेश्वरी देवी, मुन्नी देवी समेत कई महिलाएं और स्कूली बच्चे शामिल थे। महिलाओं का कहना था कि मंगलवार को शराब की दुकान बंद करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे। महिलाओं के आंदोलन को सरकारी कर्मचारियों का भी समर्थन मिल रहा है। आंदोलन को समर्थन देने विकलांग इंद्रा देवी वैशाखियों के सहारे धरना स्थल पर पहुंची। उन्होंने प्रशासन से शराब को बंद करने की मांग उठाई।