तीन तमंचों के साथ दो शस्त्र तस्कर गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने दो शस्त्र तस्कर को तीन तमंचों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक रामपुर (यूपी) तो दूसरा पूरनपुर (यूपी) का रहने वाला है। पूछताछ के बाद दोनों को आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।
बृहस्पतिवार रात पुलिस को अवैध देसी तमंचों की बिक्री के लिए दो लोगों के क्षेत्र में आने की सूचना मिली। इस पर एसपी रामचंद्र राजगुरु एवं सीओ आरएस रौतेला ने पुलिस और एसओजी की टीम को इन शस्त्र तस्करों की सुरागकशी में लगा दिया। एसओजी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह खड़ायत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रात करीब साढ़े दस बजे मनिहारगोठ गांव से लगे सालवनी के जंगल में दो लोगों को संदिग्ध अवस्था में घूमते पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर इनके कब्जे से 315 बोर के दो और 32 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों में सोठी मोहल्ला थाना विलासपुर जिला रामपुर निवासी सुनील गिरि एवं ग्राम पिपलिया जैमद्र थाना पूरनपुर जिला पीलीभीत निवासी राजकुमार गिरि शामिल हैं। दोनों आरोपियों पर शस्त्र अधिनियम की धारा 25/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।
कोतवाल वीसी शर्मा ने आरोपियों से की गई पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी बरामद तमंचों को बेचने के लिए आए थे, लेकिन ग्राहक मिलने से पहले ही वे दबोच लिए गए। पकड़ने वाली पुलिस और एसओजी टीम में एसओजी इंचार्ज के अलावा उप निरीक्षक कुंदन सिंह, एसआईयूटी अनीस अहमद, कांस्टेबल नवलकिशोर, दीपक प्रसाद, हेम चंद्र शामिल थे।