चंपावत। जिले में ठंडा बढ़ने के साथ ही बच्चों में सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार के फैलने का खतरा बढ़ गया है। बच्चे कमजोर और ठंड के प्रति संवेदनशील होते हैं, इस कारण उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में छोटे बच्चे वायरल संक्रमण और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में भी आ सकते हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. मंजूनाथ ने बताया कि वर्तमान में 15 से अधिक बच्चे बुखार, सर्दी, जुकाम के आ रहे हैं। ठंड में जरा सी लापरवाही बच्चे के लिए घातक भी हो सकती है। ऐसे में बच्चों को गर्म कपड़े पहनाना जरूरी है। बच्चों को ठंडी हवा, धूल से दूर रखने की जरूरत है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पौष्टिक आहार नियमित रूप से दिया जाना चाहिए। बच्चों को ठंड में गर्म पानी पिलाने के साथ घरेलू उपाय अदरक का रस, शहद आदि भी खिलाना चाहिए। यह सर्दी-जुकाम में राहत दे सकते हैं। खासतौर पर सर्दी के मौसम में वायरल संक्रमण और बुखार के चलते बच्चों की सेहत पर प्रभाव पड़ने से बचने के लिए सावधानी रखना बहुत जरूरी है।