रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक हेमेश खर्कवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन राम आर्य के नेतृत्व में जुलूस निकालकर मोटर स्टेशन में प्रदर्शन किया गया। गैस सिलेंडर सिर पर रखकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। बाद में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। साथ ही डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
कांग्रेसियों ने कहा कि ऑयल प्रोडक्ट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 32 डॉलर प्रति बैरल से भी कम हो गई है। ये कीमतें बीते 9 साल में सबसे न्यूनतम स्तर पर है। इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं हो रहे हैं। सरकार लोगों को फायदा पहुंचने के बजाय अपनी तिजोरी भर रही है। वहीं एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में भी इस महीने 51 रुपये बढ़ाकर 711 कर दी गई है। पार्टी ने इसके अलावा भाजपा सरकार को आतंकवाद से निपटने में नाकाम बताते हुए विदेश नीति पर भी निशाना साधा।
विरोध-प्रदर्शन में उमेश खर्कवाल, बहादुर फर्त्याल, भगीरथ भट्ट, पूरन कठायत, मोहम्मद याकूब अंसारी, मोहन चंद्र जोशी, पवन ज्योति मनराल, सुरेश खर्कवाल, शंकर आर्य, उत्तम सिंह देव, राम सिंह महर, विपिन गोर्खा, कविराज मौनी, कैलाश तड़ागी, कैलाश बोहरा, भुवन चौबे, कविराज, प्रकाश माहरा, अनिल जोशी आदि थे।
सब्सिडी के मिल रहे 269.65 रुपये
गैस वितरण केंद्र के मुताबिक सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 51 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जनवरी से इस श्रेणी के सिलेंडर के लिए 710.50 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। अलबत्ता इस कीमत में 269.65 रुपये सब्सिडी मिल रही है। वहीं गैर सब्सिडी वाला सिलेंडर 724 रुपये से कम होकर इस माह से 670 रुपये में मिल रहा है, जबकि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत में 99 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पिछले महीने ये कीमत 1250 रुपये थी, जो जनवरी में बढ़कर 1349 रुपये हो गई है।