जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर जिन पोलिंग बूथों में संचार सुविधा नहीं है उन स्थानों पर पुलिस विभाग वायरलेस सेवा के माध्यम से संचार सुविधा उपलब्ध कराएगा। जिले में चुनाव के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए पांच जगहों पर वायरलेस रिपीटर सेंटर स्थापित किए गए हैं।
एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि रेडियो कम्युनिकेशन के माध्यम से पोलिंग बूथों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और मतदान अधिकारियों से बात हो पाएगी जिसके लिए सेक्टर और जोनल अधिकारियों को वायरलेस सेट दिए जा रहे हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों में भी यह वायरलेस सेट दिए जाएंगे। वायरलेस सेटों की टेस्टिंग कर ली गई है। सभी बूथों में सफलतापूर्वक बात हो रही है।
इन जगहों पर बने हैं रिपीटर वायरलेस सेंटर
चंपावत। पुलिस की ओर से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एबटमाउंट, देवीधुरा, गुरु गोरखनाथ धाम, पूर्णागिरि और सूखीढांग में रिपीटर वायरलेस सेंटर बनाए गए हैं।
कन्नौज और औरया जिले से आएंगे होमगार्ड
चंपावत। लोकसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए यूपी के कन्नौज और औरया जिले से 600 होमगार्ड चंपावत जिले में आमद दर्ज कराएंगे। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी और दो प्लाटून पैरा मिलिट्री को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर तैनात किया जाएगा।
जिले में ये हैं अति संवेदनशील बूथ
1-बनबसा-राजकीय प्राथमिक विद्यालय भजनपुर कक्ष संख्या 1 और 2
2-टनकपुर राजकीय प्राथमिक विद्यालय मनिआरगोठ कक्ष संख्या 1, 2
3-लोहाघाट राजकीय इंटर कॉलेज खेतीखान कक्ष संख्या 1, 2
4-राजकीय इंटर कॉलेज कर्णकरायत
5-राजकीय प्राथमिक विद्यालय चिलनियां
6-राजकीय इंटर कॉलेज पाटी
मतदान से 48 घंटा पूर्व सील होगी नेपाल सीमा
चंपावत। लोकसभा चुनाव के मतदान के दिवस के 48 घंटा पूर्व भारत-नेपाल सीमा सील रहेगी। इस दौरान सीमा पर वाहनों के साथ ही आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी। केवल नेपाल से आने वाले आपात एंबुलेंस आदि को विशेष परिस्थितियों में सीमा पार करने की अनुमति दी जाएगी। ब्यूरो