चंपावत। जिले में सोमवार को शराब की दुकानों की नीलामी प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच जिला कार्यालय सभागार में देसी शराब की नौ और विदेशी शराब की सात दुकानों की लॉटरी निकाली गई। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई लॉटरी में सभी 16 दुकानों के लिए कुल 1400 आवेदन फार्म प्राप्त हुए। जिसमें 387 विदेशी, 1013 देसी शराब की दुकानों के आवेदन शामिल थे। जिला आबकारी अधिकारी दीपाली साह ने बताया कि इस वर्ष देसी, विदेशी शराब की दुकानों के लिए 199 महिलाओं, 1201 पुरुषों ने आबकारी विभाग में आवेदन किए थे।
आवेदन फार्मो के माध्यम से आबकारी विभाग को 2 करोड़ 92 लाख, 52 हजार रुपये का राजस्व मिला है। विदेशी शराब की दुकानों के लिए आवेदन शुल्क 22 हजार रुपये प्रति दुकान जबकि देशी शराब के लिए 18 हजार रुपये प्रति दुकान निर्धारित किया गया था जो कि रिफंडेबल नही है। विदेशी, देसी शराब की दुकानों का आवंटन अवरोही क्रम में लॉटरी के माध्यम से किया गया। विदेशी शराब की दुकानों के आवंटन में सबसे बड़ी दुकान लोहाघाट का आवंटन लॉटरी के माध्यम से राम सिंह को, चंपावत की दुकान पार्वती देवी को, टनकपुर की दुकान मुक्तेश वर्मा को, देवीधुरा की दुकान जगदीश चंद्र को, बनबसा की दुकान रमेश चंद्र, बृजनगर की दुकान योगराज सिंह को, पाटी की दुकान कैलाश सिंह को आवंटित हुई।
देसी शराब की दुकानों में लोहाघाट की दुकान कलावती देवी, चंपावत की दुकान विजय वर्मा, टनकपुर नंबर एक की दुकान परमजीत कौर, टनकपुर नंबर दो की दुकान किशन चंद्र, पुल्ला किमतोली की दुकान महेश चंद, बनबसा नंबर एक की दुकान आनंद सिंह, बनबसा नंबर दो की दुकान नरेश सिंह, भिंगराड़ा की दुकान दान सिंह, चल्थी की दुकान विकास कुमार गुप्ता को लॉटरी के माध्यम से आवंटित की गयी।
देसी और विदेशी शराब की दुकानों के आवंटन में 199 महिलाओं ने भाग लिया था, जिसमें से तीन महिलाओं के नाम की लॉटरी खुली। जिसमें चंपावत की दुकान पार्वती देवी, लोहाघाट की दुकान कलावती देवी, टनकपुर की परमजीत कौर के नाम रही। वहां एसपी डीएस कुंवर, एडीएम जेएस राठौर, प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय सीमा विश्वकर्मा, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, सीओ राजन सिंह रौतेला, आबकारी निरीक्षक भगवत प्रसाद आदि थे।