लोहाघाट ब्लाक के ठांटा ग्राम पंचायत के पाठक दंपति के लिए सोमवार को दोहरे जश्न का मौका मिला। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोहित पाठक पहले निर्विरोध ग्राम प्रधान बने। सोमवार को आए नतीजे में उनकी पत्नी प्रीति पाठक ने जिला पंचायत सदस्य की रायकोट कुंवर सीट पर शानदार जीत दर्ज की।
व्यवहार कुशल और गांव के लोगों के सुख-दुख में साथी रहे मोहित पाठक इससे पूर्व लोहाघाट राजकीय पीजी कॉलेज में निर्विरोध महासचिव भी बन चुके हैं। जिला पंचायत में उनकी पत्नी ने धमाकेदार जीत हासिल की है। भाजपा अधिकृत प्रत्याशी प्रीति ने यहां अनीता प्रथोली को करीब दो हजार वोट से हराया। इस सीट पर कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे।
मतगणना में हुआ विवाद, एजेंट को बाहर किया
चंपावत। चंपावत ब्लाक परिसर में जिला पंचायत के शक्तिपुरबुंगा में मतगणना के दौरान विवाद खड़ा करने के आरोप में मतगणना कक्ष के एक अभिकर्ता को बाहर कर दिया गया। रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र डुंगरियाल का कहना है कि अभिकर्ता की ओर से वोटों की गिनती में कई बार बेवजह आपत्ति की जा रही थी। न मानने पर उन्हें बाहर करना पड़ा।