चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना के पाइप बदलते जल संस्थान कर्मी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के लिए पेयजल आपूर्ति करने वाली चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना के पाइप फटने से नगर के कई स्थानों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। जिससे लोग खासे परेशान रहे। शनिवार को भी कुछ स्थानों की जलापूर्ति बाधित रहने की आशंका है।
जल संस्थान के जेई पवन बिष्ट ने बताया कि चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना काफी पुरानी होने के कारण उसके पाइप जीर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश राय के मकान के नीचे से आई लाइन का पाइप फट गया । अब तक पाइपलाइन को बाईपास कर करीब 75 मीटर पाइप लाइन बदली जा रही है। जिसके चलते शुक्रवार को लोहाघाट नगर के आदर्श कालोनी, ठाड़ाढुंगा और चांदमारी में आंशिक रुप से पेयजल व्यवस्था बाधित रही। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन को शीघ्र जोड़कर शनिवार को पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी नगर के कुछ हिस्सों में पेयजल व्यवस्था बाधित हो सकती है। उन्होंने बताया कि रविवार से नगर के सभी हिस्सों में पूर्व की तरह पेयजल व्यवस्था सुचारु हो सकेगी। संवाद