चंपावत। जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत भंडार बोरा रौकुंवर गांव के लोगों को सड़क का इंतजार है। गांव तक सड़क लाने के लिए लोग लगातार प्रयास करते रहे हैं। ग्रामीणों को नजदीकी सड़क तक पहुंचने के लिए छह किमी पैदल चलना पड़ता है। सड़क नहीं होने के कारण गांव की आबादी आधी हो गई है। लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए चंपावत, खटीमा, हल्द्वानी और अन्य जगह बस गए हैं।
गांव के ग्रामीण जाड़ा बरदोली से हरेश्वर महोदव तक सड़क बनाने की मांग करते आ रहे हैं। यहां तक सड़क बनने से मेटी, सरसूड़ा, बसौली, रौकुंवर और भंडार बोरा के लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने बताया कि एक समय गांव में दो हजार के करीब लोग रहते थे लेकिन आज एक हजार लोग ही गांव में रह गए हैं। सड़क नहीं होने के कारण गर्भवतियों, बीमारों के लिए डोली ही एक सहारा है। लोनिवि के अभियंता प्रकाश ने कहा कि सड़क का स्वीकृति मिल गई है। वन भूमि के लिए सिविल भूमि की तलाश की जा रही है। भूमि मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
गांव तक सड़क नहीं होने के चलते लोगों के लिए छह किमी सफर आसान नहीं होता है। बाहर बस चुके लोग सिर्फ पूजा पाठ या जरूरी काम पर ही गांव आते हैं। बुजुर्गों, बीमारियों के लिए छह किमी पैदल चलना आसान नहीं होता है।- महेश, प्रधान प्रशासक, भंडार बोरा रौकुंवर
गांव में धान, गेहूं, आम और अमरूद की अच्छी पैदावार होती है, लेकिन सड़क नहीं होने के कारण उत्पाद बाजार तक नहीं पहुंच पाता है। सड़क नहीं होने के कारण स्वयं ही रोजगार की तलाश में हरियाणा जाना पड़ा।- चंचल सिंह कुंवर, स्थानीय