टनकपुर (चंपावत)। राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के बाद सड़क ऊंची होने से क्षेत्र में कई जगह जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। निकासी न होने से पीलीभीत चुंगी से लेकर ज्ञानखेड़ा तक का क्षेत्र जलमग्न होकर तालाब बन गया है। खेतों में खड़ी फसल का नुकसान हो गया। कई परिवारों के रास्ते भी जलमग्न होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
एसडीएम अनिल चन्याल ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावितों को समस्या के समाधान का भरोसा दिया है। राजमार्ग चौड़ीकरण के बाद जमीन से सड़क की ऊंचाई करीब पांच फुट तक अधिक हो गई है। कार्यदायी विभाग एनएचएआई ने सड़क के पानी की निकासी के लिए तो दोनों ओर नाली का निर्माण किया है, लेकिन बरसात में सड़क के दोनों ओर होने वाले जलभराव की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
इससे इस बार क्षेत्र में जलभराव की समस्या बढ़ गई है। पीलीभीत चुंगी से आमबाग गांव की ओर बरसाती पानी भरने से खेतों ने तालाब का रूप ले लिया है। विष्णुपुरी कॉलोनी के लोगों के विरोध पर पीलीभीत चुंगी के पास निर्मित कलमठ बंद करने से भी आमबाग छोर में जलभराव की समस्या पैदा हुई है। पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत के नेतृत्व में प्रभावित लोगों की शिकायत पर सोमवार सुबह एसडीएम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया है कि एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समस्या का समाधान निकाला जाएगा। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह रावत, विष्णुपुरी के ग्राम प्रधान विनोद वर्मा, भुवन चंद्र जोशी, अजय देउपा, महेंद्र सिंह देउपा, राजू बिष्ट, हंसराज देउपा, मेघराज सिंह, कैलाश भट्ट, प्रतिभा जोशी, कैलाश गहतोड़ी आदि थे।