प्राथमिक विद्यालय, मोहनसराय में पेयजल की बेहतर व्यवस्था।
टनकपुर (चंपावत)। राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य ने न सिर्फ विष्णुपुरी कॉलोनी और सड़क किनारे बसे परिवारों बल्कि निकटवर्ती आमबाग गांव में भी पानी का संकट पैदा कर दिया है। पेयजल क्षतिग्रस्त होने से लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन कार्यदायी विभाग, जलसंस्थान, प्रशासन को लोगों की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को जल्द दुरुस्त न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य इन दिनों बनबसा से टनकपुर के बीच युद्धस्तर पर चल रहा है। सड़क चौड़ा करने को कार्यदायी विभाग द्वारा जेसीबी मशीनों से की जा रही खुदाई से बीएसएनएल की संचार लाइन के साथ ही पेयजल लाइन भी कई जगह क्षतिग्रस्त हुई हैं। धर्मकांटे से ककरालीगेट तक पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से लोग पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं।
वहीं पीलीभीत चुंगी के पास आमबाग गांव की पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त है। इससे गांव में करीब दस दिनों से जलापूर्ति ठप है। स्थिति यह है कि ग्रामीण गांव में लगे इंडिया मार्का हैंडपंपों से पानी की जरूरत पूरी कर रहे हैं। इसके चलते इन दिनों हैंडपंपों पर पानी के लिए भीड़ लग रही है।
पूर्व ग्राम प्रधान कमला चंद, पूर्व बीडीसी सदस्य मीरा पंत, बंशीधर जोशी, हरि सिंह फर्त्याल, जीडी पंत, पुष्कर चंद, भैरव दत्त पांडेय, हजारी प्रसाद, हरिहर पंत, रमेश पंत, अर्जुन चंद, नरेंद्र पंत आदि ने कहा है कि शीघ्र क्षतिग्रस्त पेयजल लाईनों को दुरूस्त कर जलापूर्ति सुचारुनहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।