चौड़ी गांव में पानी किल्लत, जेई को घेरा
शहर से लगी ग्राम पंचायत रायनगर चौड़ी में पेयजल के लिए हाहाकार मचा है। गांव के लिए बनी दो-दो पेयजल योजनाएं होने के बावजूद भी ग्रामीणों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। ग्रामीण नौलों से पानी लाकर प्यास बुझाने को मजबूर हो रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने जलकल अभियंता (जेएई) का घेराव कर नाराजगी जताई। शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुचारु न करने पर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
कमला देवी, भावना, मीना देवी, गीता, नेहा, दीपा, यशोदा, पुष्पा, भाष्कर भट्ट, मोहित राय, उमापति राय, नीरज राय आदि ग्रामीणों का कहना था कि गांव के लिए बनगांव और बलांई से दो पेयजल योजनाएं बनाई गई हैं, लेकिन उसके बावजूद भी लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों का पेयजल समस्या की शिकायत किए जाने के बाद भी इसका समाधान नहीं हो पा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने अभियंता के साथ बलांई और बनगांव दोनों पेयजल योजनाओं के मुख्य टैंक का निरीक्षण कर पानी की स्थिति का भी जायजा लिया। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान न होने पर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है।
आज होगा टैंकों का मुआयना
जल संस्थान के अवर अभियंता पवन बिष्ट का कहना है कि गांव में पेयजल समस्या की जानकारी अभी मिली है। गांव की पेयजल लाइन जगह-जगह सड़क में दबी हुई है, जिसके दोबारा निर्माण के लिए विभाग ने एक वर्ष पूर्व प्रस्ताव भेजा गया है। बुधवार सुबह पानी का स्तर चेक करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।