बनबसा (चंपावत)। शारदा का जलस्तर शनिवार को सवा लाख क्यूसेक से अधिक बढ़ गया था, तब शारदा हेडवर्क्स प्रशासन ने बैराज से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी थी। नदी में अत्यधिक मलबा (गाद) आने से एनएचपीसी की पावर चैनल एवं शारदा नहर की जलापूर्ति भी बंद करनी पड़ी जिससे लोहियाहेड एवं टनकपुर पावर हाउस का विद्युत उत्पादन भी घंटों ठप रहा।
पहाड़ में हुई बारिश के कारण शनिवार पांच बजे शारदा का जलस्तर एक लाख क्यूसेक और शाम छह बजे 1.26 लाख क्यूसेक पहुंच गया था। शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि शारदा में अत्यधिक मलबा आने से एनएचपीसी की पावर चैनल एवं यूपी सिंचाई विभाग की शारदा नहर की जलापूर्ति बंद करनी पड़ी। देर रात करीब साढ़े नौ बजे बाद नदी में साफ पानी प्रवाहित होने के बाद ही पावर चैनल एवं शारदा नहर में पानी छोड़ा गया। मध्यरात्रि के बाद लोहियाहेड एवं टनकपुर पावर स्टेशन में दोबारा बिजली उत्पादन शुरू हो पाया। मध्यरात्रि 12 बजे नदी का जलस्तर 68246 क्यूसेक और रविवार सुबह छह बजे 53738 रह गया। रविवार दोपहर 12 बजे जलस्तर 59442 और तीन बजे 71254 क्यूसेक पहुंच गया।