टनकपुर की विष्णुपुरी कॉलोनी में टैंकर से पेयजल की लगी लोगों भीड़।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। नलकूप का ट्रांसफार्मर फुंकने शहर से लगी ज्ञानखेड़ा ग्राम पंचायत में तीन दिन से पानी के लिए हाहाकार मचा है। परेशान लोगों ने जल संस्थान के अधिकारियों को पानी की समस्या बताई। सीएम पोर्टल पर भी इसकी शिकायत की है। वहां नया ट्रांसफार्मर लगाने में देरी हो रही है।
ज्ञानखेड़ा की बीडीसी सदस्य गीता सेठी, उपप्रधान दीपक पचौली ने बताया कि तीन दिन सेे समूचे ज्ञानखेड़ा क्षेत्र में जलापूर्ति ठप है। नहाना-धोना तो दूर पीने तक के लिए पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। ज्ञानखेड़ा के साथ ही विष्णुपुरी कॉलोनी के बड़े हिस्से में भी पानी की समस्या का यही हाल है। उन्होंने जल संस्थान से बिजली आपूर्ति ठप रहने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था कर जलापूर्ति सुचारु रखने की मांग की। बताया कि जनरेटर की व्यवस्था न होने पर आंदोलन किया जाएगा। इधर पानी समस्या से परेशान गिरीश चंद्र जोशी ने सीएम पोर्टल पर इसकी शिकायत कर जलापूर्ति सुचारु कराने का आग्रह किया है। सीएम पोर्टल से समस्या निराकरण अधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। वहीं जल संस्थान के एई बीएस कुवार्बी ने बताया कि ज्ञानखेड़ा चर्च के पास लगे नलकूप का ट्रांसफार्मर फूंकने से परेशानी हुई है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा निगम वहां नया ट्रांसफार्मर लगा रहा है। ट्रांसफार्मर लगते ही जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
पेयजल योजनाओं का निर्माण पंचायतों को दिया जाए
पिथौरागढ़। प्रधान संगठन ने गांवों के लिए स्वीकृत पेयजल योजनाओं का निर्माण ग्राम पंचायतों को देने की मांग की हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
मंगलवार को प्रधान संगठन ने सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र भेजा। उन्होंने पेयजल योजनाओं का निर्माण ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के माध्यम से कराने की मांग की है। इस दौरान क्वीतड़ के प्रधान और संगठन के अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह सौन ने कहा कि प्रधानमंत्री हर घर योजना के तहत जल जीवन मिशन कार्यक्रम शुरू किया गया है। योजना के कार्यों को जल निगम, जल संस्थान और स्वजल कर रही है। उक्त कार्यों को निविदा के माध्यम से किया जाना है। जबकि पूर्व में एक हजार पंचायतों को स्वैप मोड में सफलतापूर्वक निर्माण किया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर ऐसा करने से प्रवासियों को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुंडल महर, जिला प्रवक्ता, हरीश जोशी, उपाध्यक्ष नीरज कुमार, किशन धामी, प्रियंका पांडे, महिपाल वल्दिया शामिल रहे।