व्यापार मंडल चुनाव की तैयारी की समीक्षा करते चुनाव कमेटी के सदस्य।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। व्यापार मंडल चुनाव का प्रचार तेज हो गया है। इधर चुनाव कमेटी मतदान की तैयारी में जुटी है। बुधवार को चुनाव कमेटी ने बैठक कर मतदान की तैयारी की समीक्षा की। कमेटी ने 17 दिसंबर को प्रत्याशियों से सांय छह बजे तक मतदान केंद्र और मतगणना केंद्र के लिए अपने दो-दो प्रतिनिधि की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।
नगर व्यापार मंडल के नए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महामंत्री के चुनाव के लिए 18 दिसंबर को मतदान होगा। शहर के गांधी मैदान को मतदान स्थल और मैदान से लगे पालिका के सभागार को मतदान केंद्र बनाया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी धर्मानंद पांडेय की अध्यक्षता में हुई चुनाव कमेेटी की बैठक में मतदान की तैयारियों की समीक्षा की गई। मतगणना केंद्र में केवल प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि ही प्रवेश कर सकेंगे। कमेटी ने तय किया है कि आचार संहिता का उल्लंघन करने पर प्रत्याशी का नामांकर रद्द किया जा सकता है। बैठक में चुनाव अधिकारी संजय अग्रवाल, राजीय आर्य, भगवत सरन मौजूद थे।