पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में 24 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हल्की बारिश के बीच दर्शन पूजन किया। से गर्मी से राहत मिलने से दिन भर श्रद्धालु पैदल आगे बढ़ते रहे। दिन भर मां के दर्शन के लिए लंबी-लंबी पंक्ति लगती रही।
रविवार को अवकाश के चलते सुबह से ही मेला स्पेशल ट्रेन, पैसेंजर, एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ ही निजी वाहनों से श्रद्धालुओं का रेला आता रहा इससे धाम क्षेत्र में मां के जयकारों की गूंज रही। ठूलीगाड़ में लगे भंडारों में प्रसाद के लिए लंबी-लंबी पंक्ति लगती रही।
मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि सुबह हल्की बारिश के बीच भी श्रद्धालु दर्शन के लिए जाते रहे। 24 घंटे मां दर्शन की समिति की ओर से व्यवस्था की जा रही है। मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन तिवारी निरंतर मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। बूम, ठूलीगाड़ और भैरव मंदिर पार्किंग पैक होती रही।