भू-कटाव का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश देते जिलाधिकारी डा. अहमद इकबाल।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने आपदा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने शारदा से खेतखेड़ा गांव की ओर हो रहे भू-कटाव का निरीक्षण कर कटाव रोकने को वायरक्रेट लगाने, शारदा स्नानघाट का निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कदम उठाने, सीओ को स्नानघाट पर लोगों की आवाजाही पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उल्लंघन करने वालों की वीडियोग्राफी कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा है।
डीएम ने पहले खेतखेड़ा में शारदा से हो रहे भू-कटाव का निरीक्षण किया। एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल को कटाव रोकने लिए जरूरी कदम उठाते हुए सिंचाई विभाग के माध्यम से वायरक्रेट लगाने को कहा। शारदा जलस्तर देखने को स्नानघाट पर लोगों की भीड़ पर नाराजगी जताई। कहा कि पहाड़ पर भारी बारिश की सूचना के बाद भी स्नानघाट एवं नदी तट के आसपास लोगों की आवाजाही से कभी भी हादसा हो सकता है। लिहाजा घाट के प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक लगाई जाए। इसके बाद भी यदि लोग नहीं मानते हैं तो मुकदमा दर्ज किया जाए। बनबसा में भी डीएम ने पचपकरिया गांव में जलभराव से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर पानी की निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार पूनम पंत, सीओ आरएस रौतेला, लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट, सिंचाई विभाग के एई आरके यादव, ईओ जयवीर सिंह राठी, पालिका के जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा आदि थे।