पाटी के जौलाड़ी में ग्रामीणों की बैठक में मंत्रणा करतें देवीधुरा राजकीय महाविद्यालय के प्राचार?
- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी राजकीय डिग्री कॉलेज के भवन के लिए जमीन की तलाश शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को जौलाड़ी में हुई बैठक में गांव के लोगों ने कॉलेज भवन के लिए 100 नाली जमीन दान देने का एलान किया है। कॉलेज प्रशासन इस भूमि का मुआयना कर जल्द ही निर्णय लेगा।
देवीधुरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एएस उनियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांव के लोगों ने जौलाड़ी ग्राम पंचायत के मुजेड़ा तोक में 100 नाली भूमि कॉलेज के लिए निशुल्क देने पर सहमति जताई। ग्रामीण लक्ष्मण सिंह मेहता, बहादुर सिंह, रणबहादुर मेहता, आनंद गहतोड़ी, राम सिंह, भगवान लाल आदि ने कहा कि पाटी क्षेत्र में उच्च शिक्षा के इस संस्थान के लिए और जमीन की जरूरत होगी तो गांव के लोग भूमि दान करने से पीछे नहीं हटेंगे।
प्राचार्य ने कहा कि भूमि के इस प्रस्ताव को निदेशालय भेज आगे की कार्यवाही की जाएगी। पाटी में इसी शिक्षा सत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू हुआ है। फिलहाल बीए में छह विषय हैं। बंद हो चुके राजकीय प्राथमिक विद्यालय के कमरों में इस वक्त यह कॉलेज संचालित हो रहा है।