लोहाघाट (चंपावत)। भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त बाराकोट-कोठेरा सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त होने और मलबा आने से बंद है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से कई वाहन फंसे हैं।
ग्राम प्रधान राजू रावत, सुंदर सिंह, सुरेश नाथ, संजय सिंह, किशोर सिंह, कमल थापा, सुभाष रावत आदि का कहना है कि बृहस्पतिवार को हुई भारी बारिश से बाराकोट कोठेरा सड़क बंद है। यह सड़क लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अधीन है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कई जगह मलबा अटका है। कई स्थानों पर सड़क धंस गई है। विभागीय अधिकारियों को कई बार बताने के बाद भी सड़क नहीं खुल सकी है। सड़क बंद होने से कोठेरा, मयू, धरगड़ी आदि तोकों के लोगों को परेशानियां हो रहीं हैं। लोगों को कोठेरा से बाराकोट पहुंचने में तीन से चार घंटे तक पैदल चलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से सड़क को शीघ्र खुलवाने की मांग की है।
इधर लोनिवि के ईई एमसी पलड़िया का कहना है कि उनके अधीन आने वाली कोठेरा रोड में पड़े मलबे को हटाने के लिए मशीन भेजी गई है। जल्द ही मलबे को हटा दिया जाएगा। पीएमजीएसवाई के ईई जगदीश थपलियाल का कहना है कि कोठेरा गांव की सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसका आगणन बनाकर दैवी आपदा मद से सड़क की मरम्मत की जाएगी।